खंडवा क्राइम अपडेट: 24 घंटे में चोरी, छेड़छाड़, सड़क हादसे, आबकारी, जुआ और मौत के कई मामले दर्ज

खंडवा। जिलेभर में पिछले 24 घंटे के दौरान अपराध और हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। कोतवाली क्षेत्र में बाइक चोरी, पंधाना में मारपीट, छैगांवमाखन में सड़क हादसे में मौत, खालवा में पॉक्सो केस, हरसूद में जुआ, जावर में शराब तस्करी और कई मर्ग प्रकरण दर्ज हुए हैं। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मामलों की जांच शुरू कर दी है। कुछ मामलों में आरोपी फरार हैं, जबकि कई जगह जब्ती कार्रवाई भी की गई है। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं भी चिंता का विषय बनी हुई हैं।
कोतवाली थाना : लक्कड़ बाजार से बाइक चोरी
खंडवा। कोतवाली क्षेत्र के लक्कड़ बाजार स्थित महादेव मंदिर प्याऊ के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। इरफान जोया निवासी गुलशन नगर की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरियादी ने बताया कि उसकी एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक MP12 MT 6184 खड़ी थी, जिसे कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। बाइक की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पंधाना थाना : पैसे नहीं देने पर मारपीट
पंधाना। ग्राम खैगांवड़ा में पैसे मांगने को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। ताराचंद बागमोरे की शिकायत पर आरोपी योगेश पिता रामलाल और रामलाल पिता गणपत निवासी चम्पानगर खैगांवड़ा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने खाना खाने के लिए पैसे मांगे, इंकार करने पर गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच में जुटी है।
पंधाना थाना : ट्रैक्टर ट्रॉली से पैर कुचला
पंधाना। डोंगरगांव-छनेरा मार्ग पर ट्रैक्टर से हादसे में मनोज भील घायल हो गए। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक राजा सोलंकी निवासी बोरगांव ने लापरवाही से ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया, जिससे मनोज नीचे गिर गए और ट्रॉली का पहिया पैर पर चढ़ गया। घायल का उपचार कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंधाना थाना : पुराने विवाद में घर के बाहर हमला
पंधाना। ग्राम राजपुरा में पुराने झगड़े को लेकर तीन लोगों ने युवक और उसके परिवार के साथ मारपीट कर दी। सोनू पिता रमेश भील की शिकायत पर सुरपीबाई, राधु और आकाश निवासी राजपुरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से हमला किया और धमकी दी।
छैगावमाखन थाना : हाईवे हादसे में व्यक्ति की मौत
छैगांवमाखन। इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर तोरणी फाटा के आगे हुए सड़क हादसे में राधेश्याम राजपूत (50) निवासी नेतगांव की मौत हो गई, जबकि रतनाबाई घायल हो गईं। रूपेश राजपूत की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि बिना नंबर के ट्रैक्टर ने रांग साइड से आकर टक्कर मारी। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है।
जावर थाना : 18 क्वार्टर शराब जब्त
जावर। भामगढ़ फाटे के पास पुलिस ने दबिश देकर आरोपी सचिन पिता श्याम जायसवाल निवासी अमलपुरा को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 18 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई। आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पिपलोद थाना : बस स्टैंड से युवक चाकू सहित पकड़ा
पिपलोद। बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेश उर्फ सूर्या पिता मोजीलाल भील निवासी सराय को खटकेदार चाकू के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मूंदी थाना : तंबाकू को लेकर विवाद, महिला से मारपीट
मूंदी। ग्राम शिवरिया में तंबाकू खाने की बात को लेकर महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला की शिकायत पर आरोपी सुनील पिता रामरतन गंगोले निवासी शिवरिया के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आरोपी फिलहाल फरार बताया गया है।
धनगांव थाना : खाना खाते समय शोर पर विवाद
धनगांव। ग्राम सुलगांव में खाना खाते समय शोर मचाने की बात को लेकर विवाद हो गया। संजय यादव की शिकायत पर आरोपी राजेश और प्रकाश निवासी सुलगांव के खिलाफ मारपीट व धमकी का मामला दर्ज किया गया है। फरियादी को सामान्य चोटें आई हैं।
नर्मदानगर थाना : नाबालिग बालिका लापता
नर्मदानगर। ग्राम डंठा से 16 वर्षीय बालिका के लापता होने का मामला दर्ज हुआ है। पिता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस बालिका की तलाश में जुटी है।
नर्मदानगर थाना : पत्नी से मारपीट
नर्मदानगर। ग्राम पामाखेड़ी में पति द्वारा पत्नी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। एक महिला की शिकायत पर आरोपी महेश पिता रामकिशन राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि शादी समारोह से लौटने को लेकर विवाद हुआ था।
हरसूद थाना : जुआ खेलते तीन आरोपी पकड़े
हरसूद। छनेरा क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजकुमार, मोहित और सरफराज को ताश पत्तों और नगदी 2250 रुपये के साथ पकड़ा गया। जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
खालवा थाना : 15 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़, पॉक्सो केस दर्ज
खालवा। ग्राम लखनपुर बंदी में 15 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी अजय पिता सोमनाथ कोरकू निवासी लखनपुर बंदी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी पर हाथ पकड़कर गलत हरकत करने का आरोप है।
हरसूद थाना : सड़क हादसे में घायल महिला की मौत
हरसूद। जलगांव निवासी शोभा (65) की रोड एक्सीडेंट में घायल होने के बाद जिला अस्पताल खंडवा में मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
हरसूद थाना : सल्फास खाने से युवती की मौत
हरसूद। सेक्टर नंबर 9 निवासी रानी सेन (20) की सल्फास दवा खाने से इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
खालवा थाना : युवक ने लगाई फांसी
खालवा। पटाजन क्षेत्र में छोटू उर्फ नितिन (20) ने नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खालवा थाना : सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत
खालवा। संदलपुर निवासी मेवालाल (42) की फोकटपुरा पेट्रोल पंप के सामने सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
Read Next









