खंडवा क्राइम अपडेट: पिछले 24 घंटे में मारपीट, अवैध शराब, आगजनी और 4 मर्ग सहित कुल 29 प्रकरण दर्ज

खंडवा जिले में बीते 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थानों में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, महिला प्रताड़ना, वाहन में आगजनी, अवैध शराब बिक्री, पशु क्रूरता और नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने जैसे मामले दर्ज किए गए। वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चार मर्ग कायम किए गए, जिनमें कुएं में डूबने, संदिग्ध हालात में मौत और नर्मदा किनारे शव मिलने के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
अजाक थाना : शादी से इंकार पर विवाद, युवक पर एससी-एसटी एक्ट में केस
खंडवा। अजाक थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में शादी से इंकार करने को लेकर विवाद हो गया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युग चौहान, पिता मनोज चौहान, निवासी रामनगर खंडवा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने युवती और उसके परिजनों से गाली-गलौज की। विरोध करने पर पीड़िता के मौसेरे भाई सौरभ के साथ मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला थाना : घरेलू विवाद में महिला से मारपीट, तीन आरोपी नामजद
खंडवा। महिला थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी असलम पिता सत्तार मंसूरी निवासी मूंदी, शबनम निवासी मूंदी और तसलीम पिता सत्तार मंसूरी निवासी कसाई मोहल्ला मूंदी के खिलाफ केस कायम किया गया है। आरोप है कि घरेलू बातों को लेकर महिला को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली : घर के बाहर खड़ी बाइक में लगाई आग
खंडवा। कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश तलाई स्थित सेंट थॉमस स्कूल के पास एक युवक की बाइक में आग लगा दी गई। फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। बताया गया कि घर के सामने खड़ी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को देर रात अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
जावर : गाली देने से मना किया तो किशोर से मारपीट
खंडवा। जावर थाना क्षेत्र के हरिजन मोहल्ले में विवाद के बाद किशोर से मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत पर आरोपी आयुष, पिता कालू हरिजन, निवासी हरिजन मोहल्ला जावर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने अश्लील गालियां दीं। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पंधाना : पुरानी रंजिश में हमला, तीन आरोपी नामजद
खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के डुल्हार फाटा ब्रिज के पास पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत पर आरोपी अजय ढाकसे, पिता संदीप ढाकसे निवासी पंधाना सहित दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि आरोपियों ने फरियादी से गाली-गलौज कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पंधाना : दो अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब जब्त
खंडवा। पंधाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त की है। आरोपी दीपक पिता अशोक कुमार पाल निवासी नवकार नगर इंदौर रोड खंडवा से 21 क्वार्टर देशी शराब जब्त की गई। वहीं आरोपी नंदकुमार पिता शिवनारायण कुशवाह निवासी पिपलौद खुर्द से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
छैगांवमाखन : बैलों को ठूंसकर ले जा रहे दो वाहन पकड़े
खंडवा। छैगांवमाखन पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई की है। आरोपी लोकेश पिता रमेश गाठिया निवासी मलगांव और गणेश पिता भगवान पटेल निवासी भोजाखेड़ी को वाहनों में क्षमता से अधिक बैल भरकर ले जाते पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए और बैलों को मेडिकल परीक्षण के बाद गौशाला भेजा है। मामले की जांच जारी है।
छैगांवमाखन : खेत पर विवाद, परिवार से मारपीट
खंडवा। छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के ग्राम सुरगांवजोशी में खेत पर हुए विवाद के बाद मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सुनील कुमार प्रजापति, पिता बद्रीप्रसाद प्रजापति, निवासी सुरगांवजोशी के खिलाफ केस कायम हुआ है। आरोप है कि आरोपी ने परिवार के लोगों से गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना में आरोपी पक्ष की युवती को भी चोट लगने की जानकारी है। पुलिस जांच कर रही है।
पिपलोद : योजना लाभ नहीं मिलने पर पंचायत परिसर में विवाद
खंडवा। पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरा पंचायत परिसर में योजना का लाभ नहीं मिलने की बात पर विवाद हो गया। शिकायत पर आरोपी शंकर, पिता मनवर, निवासी रामपुरा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने फरियादी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिपलोद : उधारी के पैसे मांगने पर युवक से मारपीट
खंडवा। पिपलोद थाना क्षेत्र के कालपाट गांव में उधारी के पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। शिकायत पर आरोपी सुरेश, पिता मनोहर, निवासी कालपाट के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने फरियादी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच में जुटी है।
मूंदी : तीन स्थानों पर महुआ शराब जब्त
खंडवा। मूंदी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त की है। आरोपी भारत पिता शंकर बछानिया निवासी मिर्जापुर, भुरु पिता कैलाश निवासी कोदवार तथा एक अन्य स्थान से कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
धनगांव : दुकान से शराब बेचते पकड़ा आरोपी
खंडवा। धनगांव थाना क्षेत्र के मुर्गी केन्द्र इलाके में पुलिस ने आरोपी खेमराज उर्फ नाना, पिता दशरथ सोनेरा, निवासी धनगांव को अवैध शराब बेचते पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से 18 क्वार्टर देशी शराब जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी एक्ट के मामले दर्ज होना बताया गया है।
हरसूद : पानी की समस्या पर विवाद, दो आरोपी फरार
खंडवा। हरसूद थाना क्षेत्र के छापाकुंड गांव में पानी की समस्या को लेकर विवाद हो गया। शिकायत पर आरोपी राजाराम कोरकू और उसके पुत्र निवासी छापाकुंड के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों ने फरियादी के साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी फरार बताए गए हैं। पुलिस तलाश कर रही है।
खालवा : पांच अलग-अलग आबकारी प्रकरण दर्ज
खंडवा। खालवा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब जब्त कर पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों में रामजीलाल पिता मांगीलाल निवासी रिछड़ीखेड़ा, मुकेश पिता रूपसिंह निवासी खालवा, श्यामलाल पिता कालू लोहार निवासी डाबिया, आशीष पिता हरिप्रकाश निवासी मातापुर और सुनील पिता मोतीलाल विश्वकर्मा निवासी रोशनी शामिल हैं। सभी मामलों में शराब जब्त कर कार्रवाई की गई है।
खालवा : नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला
खंडवा। खालवा थाना क्षेत्र के गांव से एक नाबालिग बालिका के लापता होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
किल्लौद : मोबाइल में फोटो दिखाने की बात पर लकड़ी से हमला
खंडवा। किल्लौद थाना क्षेत्र के गांव में मोबाइल में महिला की फोटो दिखाने की बात पर विवाद हो गया। शिकायत पर आरोपी रामकृष्णा, पिता फत्तु निहाल, निवासी झींगाधड़ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने लकड़ी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मर्ग की पूरी जानकारी
कोतवाली : खेत के कुएं में डूबने से युवक की मौत
खंडवा। कोतवाली थाना क्षेत्र में अहमदपुर-खैगांव स्थित खेत के कुएं में युवक का शव मिलने पर मर्ग कायम किया गया है। मृतक धर्मेन्द्र, पिता शिवचरण, उम्र 31 वर्ष, निवासी लौहारी बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत कुएं के पानी में डूबने से हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
पंधाना : अस्पताल में युवक की मौत, कारण अज्ञात
खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के पीएचसी बोरगांव में अजय, पिता रमेश बारेला, उम्र 18 वर्ष, निवासी पलसिया पाटी की मौत होने पर मर्ग कायम किया गया है। युवक की मौत किन कारणों से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पंधाना : सरकारी कुएं में डूबने से किशोरी की मौत
खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव में घर के पीछे बने सरकारी कुएं में डूबने से संगीता, पिता रूपसिंह नरगाये, उम्र 15 वर्ष, निवासी शाहपुरा की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मांधाता : नर्मदा किनारे अज्ञात शव मिलने से सनसनी
खंडवा। मांधाता थाना क्षेत्र के खेड़ीघाट मोरटक्का में नर्मदा नदी किनारे पानी की टंकी के पास एक अज्ञात शव तैरता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाया। प्रारंभिक तौर पर मौत पानी में डूबने से होना प्रतीत हो रही है। शव की पहचान के प्रयास जारी हैं।
Read Next





खंडवा 


