खंडवा पहुंची जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा, भारी संख्या में कांवड़ियों का भव्य स्वागत, पुलिस अलर्ट
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में ओंकारेश्वर से महादेवगढ़ मंदिर तक निकाली जा रही जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा शहर में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा के खंडवा पहुंचते ही जगह-जगह श्रद्धालुओं और शहरवासियों द्वारा कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया जा रहा है।
भारी संख्या में कांवड़िए ओंकारेश्वर से नर्मदा मैया का पवित्र जल लेकर खंडवा पहुंचे हैं। कांवड़िए महादेवगढ़ मंदिर पहुंचकर यह जल भगवान भोलेनाथ के चरणों में अर्पित करेंगे। यात्रा के साथ महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल भी मौजूद हैं।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस द्वारा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और सैकड़ों पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी जगह-जगह मुस्तैद नजर आ रही है। यात्रा के मार्ग पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
भक्ति, आस्था और उत्साह के माहौल के बीच जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा अब महादेवगढ़ मंदिर की ओर बढ़ रही है, जहां नर्मदा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
Read Next









