आग की लपटों में समाई दो घरों की खुशियां, सामान और भूसा जलकर राख
खरगोन जिले की झिरन्या तहसील के ग्राम भावसिंहपुरा में शनिवार सुबह एक भीषण आगजनी की घटना ने एक परिवार की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। गांव निवासी मोहन पटेल, पिता प्रेम पटेल के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास स्थित एक अन्य मकान में भी आग फैल गई, जिससे दो घरों में भारी नुकसान हुआ। घर में रखा घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और बड़ी मात्रा में रखा भूसा पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के बावजूद फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग दोनों मकानों में भारी तबाही मचा चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम में शामिल हेड कांस्टेबल दिगंबर जाधव और पायलट देवेंद्र सोलंकी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया तथा आवश्यक जानकारी एकत्र की।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
Read Next

मध्य प्रदेश 


मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश