खंडवा में 508 हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की स्त्री रोग विशेषज्ञों ने की जांच

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में गर्भवती और हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, निदान और परामर्श के साथ आवश्यक उपचार किया गया।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.डी. बाकोरिया ने बताया कि शिविरों के दौरान 508 हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की स्त्री रोग विशेषज्ञों और अन्य चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। जटिलताओं को देखते हुए चिन्हित महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी की व्यवस्था भी की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एनीमिया, उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, पूर्व में सिजेरियन प्रसव, जुड़वा बच्चे, गर्भ में बच्चे की गलत स्थिति, पूर्व में गर्भपात या जन्मजात विकृति जैसे मामलों को हाईरिस्क गर्भावस्था की श्रेणी में रखा जाता है।
इसके अलावा कम उम्र या 35 वर्ष से अधिक उम्र में गर्भधारण, अधिक बच्चों वाली महिलाएं तथा टीबी, किडनी, हृदय रोग, मलेरिया, एचआईवी और हेपेटाइटिस-बी जैसी बीमारियों से ग्रसित गर्भवती महिलाओं की भी विशेष निगरानी की जाती है।
अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान कर उपचार उपलब्ध कराना और मातृ मृत्यु दर को कम करना है।
Read Next

खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 


