श्री झूलेलाल मंदिर में भक्तमाल कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

खंडवा। सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में चकरभाटा से पधारे साईं कृष्णदास जी के मुखारविंद से भक्तमाल कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमीजन मंदिर पहुंच रहे हैं।
श्री पूज्य सिंधी पंचायत के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि सिंधी समाज द्वारा 16 जुलाई से 24 अगस्त तक चालीहा साहब के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल और श्री झूलेलाल समर्थ पेनल द्वारा मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में रविवार से भक्तमाल कथा का शुभारंभ हुआ। परंपरा के अनुसार कथावाचक साईं कृष्णदास जी का श्री पूज्य सिंधी पंचायत, श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल और श्री झूलेलाल समर्थ महिला मंडल की ओर से स्वागत किया गया। 16 से 18 अगस्त तक आयोजित इस कथा के दूसरे दिन सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा रात 10 बजे से शुरू होकर देर रात तक चली।
भक्ति रचना पर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
कथा के दौरान साईं कृष्णदास जी ने भक्ति रचना “मोहन आओ तो सही, गिरधर आओ तो सही…” प्रस्तुत की। भक्ति गीत सुनकर कथा में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
मंदिर का सभागृह श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ साईं कृष्णदास जी के मुखारविंद से सिंधी भाषा में भक्तमाल कथा का श्रवण किया। कथा के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
आयोजकों के अनुसार भक्तमाल कथा का समापन 18 अगस्त को होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से धार्मिक आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
Read Next








खंडवा
खंडवा