संत सिंगाजी समाधि स्थल के विकास कार्यों का कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने लिया जायजा

खंडवा। जिले के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल संत सिंगाजी समाधि परिसर में चल रहे विकास कार्यों का कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बुधवार को निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पहुंच मार्ग और पुल निर्माण का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने समाधि स्थल तक पहुंचने के लिए बनाए जा रहे मार्ग और पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सौंदर्यीकरण कार्यों की ली जानकारी
कलेक्टर ने पर्यटन निगम द्वारा समाधि स्थल के बाहर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और आगामी योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संत सिंगाजी समाधि के पीछे स्थित नर्मदा घाट पर मजबूत रेलिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर के इस निरीक्षण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Read Next









