खालवा के गांवों में पहुंचे कलेक्टर ऋषव गुप्ता, जल गंगा संवर्धन कार्यों का लिया जायजा
खंडवा। जिले में विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के उद्देश्य से कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बुधवार को खालवा विकासखंड के ग्राम रोशनी, मुहालखारी और अंबाड़ा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान के निर्देश
दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
गौशाला में पर्यटन विकास पर जोर
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत रोशनी स्थित गौशाला परिसर का निरीक्षण किया और यहां ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत के अधिकारियों से इस क्षेत्र को विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही गौशाला परिसर के समीप पहाड़ी पर विकसित किए जा रहे बगीचे का भी अवलोकन किया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गौशाला में संचालित मत्स्य पालन केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उन्हें मछली पालन एवं पशुपालन जैसी गतिविधियों से जुड़कर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
दौरे से बढ़ी उम्मीदें
कलेक्टर के इस दौरे से ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों को विश्वास है कि प्रशासन की इस पहल से समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
Read Next









