ACACU खंडवा अपडेट – खंडवा जिला जेल में बंदी की मौत, सुबह जिला अस्पताल में कराया गया मृत अवस्था में — कारण अज्ञात

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की जिला जेल में शनिवार सुबह एक बंदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान जीतेन्द्र उर्फ़ जीतू पिता रविशंकर,उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 6 बजे जेल प्रशासन ने बंदी को जिला अस्पताल खंडवा में मृत अवस्था में पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बंदी की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर उसे जेल से तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम की आवश्यकता बताई है।
घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन, जेल अधिकारी तथा मृतक के परिजन अस्पताल पहुँचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
उधर, मृतक के परिजनों ने घटना पर सवाल उठाते हुए पूरी जांच की मांग की है। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि बंदी की तबीयत अचानक खराब हुई थी और सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ नियम अनुसार की गई हैं।
मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस और जेल विभाग दोनों ही जांच में जुटे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
Read Next









