उच्च शिक्षा में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को मिला अतिरिक्त अवसर, 31 अगस्त तक होंगे प्रवेश
खंडवा, 20 अगस्त 2026। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने एक और अवसर प्रदान किया है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग 21 से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस चरण में विद्यार्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर निर्धारित अवधि में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। महाविद्यालयों को पात्र विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी कराने तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 31 अगस्त के बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा।
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद पाठ्यक्रमों में द्वितीय अतिरिक्त चरण
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी भी जारी कर दी गई है।
इस चरण में 20 से 24 अगस्त तक पंजीयन एवं आवेदन किए जा सकेंगे। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 20 से 25 अगस्त तक होगा। इसके बाद 27 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी और 29 अगस्त को सीट आवंटन किया जाएगा।
आवंटित विद्यार्थियों को 29 अगस्त से 2 सितंबर तक निर्धारित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेज एवं टीसी-माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही लिंक ई-केवाईसी भी कराना होगा।
आवंटित महाविद्यालय में 29 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रवेश शुल्क जमा किया जा सकेगा। निर्धारित अंतिम तिथि तक शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थियों का ही प्रवेश मान्य होगा। शुल्क जमा नहीं करने की स्थिति में प्रवेश निरस्त माना जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया का सुचारु एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करें और विद्यार्थियों को प्रवेश से संबंधित आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि कोई पात्र विद्यार्थी प्रवेश के अवसर से वंचित न रहे।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 

