जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक संपन्न, अधूरी पेयजल योजनाएं एक माह में पूरी करने के निर्देश

खंडवा, 18 अगस्त 2026। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रही और पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सुश्री वर्षा शिवपुरे ने जिले में प्रगतिरत एवं पूर्ण पेयजल योजनाओं की स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सेवा दास पटेल सहित जिला जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और अशासकीय सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी अपूर्ण पेयजल योजनाओं को आगामी एक माह में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं पूर्ण हो जाएं, उन्हें संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका बेहतर संचालन और रखरखाव सुनिश्चित हो सके।
प्रभारी कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जिन निर्माण एजेंसियों द्वारा पेयजल योजनाओं को पूरा करने में रुचि नहीं ली जा रही है, उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया जाए। बैठक में पेयजल योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
Read Next



खंडवा 




खंडवा