ओंकारेश्वर में गहरे पानी में गए 4 श्रद्धालुओं में एक की मौत, 3 को सुरक्षित बचाया
खंडवा, 18 अगस्त 2026। ओंकारेश्वर के केवलराम घाट पर मंगलवार को नर्मदा नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ, उत्तर प्रदेश से आए चार श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए। सूचना मिलते ही घाट पर तैनात होमगार्ड और एसडीईआरएफ के जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और तीन श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने बताया कि घाट पर तैनात जवान लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने की समझाइश दे रहे थे। इसी दौरान चार युवक फोटो और वीडियो बनाने के लिए गहरे पानी में चले गए।
सूचना मिलते ही होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ जवान नागेंद्र शर्मा और उदय सोलंकी ने तुरंत रेस्क्यू कार्रवाई शुरू की। तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं चौथे युवक को गंभीर हालत में पानी से बाहर निकाला गया। जवानों ने घाट पर ही सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया और तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा नदी में केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। घाटों पर तैनात सुरक्षा जवानों और प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि सेल्फी और वीडियो बनाने के लिए गहरे पानी या तेज बहाव वाले स्थानों पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
प्रशासन की अपील: श्रद्धालु अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और गहरे पानी में जाने से बचें।
Read Next



खंडवा 




खंडवा