बाल सम्प्रेक्षण गृह के बच्चों की कलाकृतियों ने बटोरी सराहना

खंडवा, 16 अगस्त 2026। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के गत दिनों इंदौर आगमन के दौरान ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की विभिन्न बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों द्वारा तैयार की गई रचनात्मक एवं उपयोगी सामग्री प्रदर्शित की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग भोपाल के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शनी को आगंतुकों और गणमान्य अतिथियों ने खूब सराहा। बाल सम्प्रेक्षण गृह खंडवा के अपचारी बालकों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों और अन्य सामग्रियों को भी प्रदर्शनी में स्थान मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक अजय गुप्ता ने बताया कि बच्चों की कलाकृतियों में उनके हुनर, मेहनत और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली, जिसकी अतिथियों ने प्रशंसा की।
प्रदर्शनी के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि उचित अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिलने पर बाल देखरेख संस्थाओं में रह रहे बच्चों की प्रतिभा को निखारा जा सकता है। सही दिशा और सहयोग से ये बच्चे आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं।
Read Next








