ओंकारेश्वर धाम में राष्ट्रीय संत श्री श्री असंग देव जी महाराज का आगमन, बीके श्यामा दीदी ने बांधा रक्षा सूत्र

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में ओमप्रकाशेश्वर धाम में पूज्य राष्ट्रीय संत श्री श्री असंग देव जी महाराज का आगमन हुआ। महाराज जी के पधारने से धाम में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
महाराज जी ने धाम में स्वल्पाहार ग्रहण किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र, ओमप्रकाशेश्वर धाम की प्रभारी राजयोगिनी बीके श्यामा दीदी ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। दीदी ने रक्षा सूत्र को संस्कार, सुरक्षा और भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक बताते हुए समाज में सद्भावना और नैतिक मूल्यों को बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महेश्वर विधायक श्री राजकुमार भाई भी मौजूद रहे। बीके श्यामा दीदी ने उन्हें भी रक्षा सूत्र बांधा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सकारात्मक भूमिका के साथ नशा-मुक्त समाज के संकल्प पर जोर दिया।
पूज्य श्री श्री असंग देव जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि आज समाज को आध्यात्मिकता और संस्कारों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान जैसे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इन्हें समाज को नई दिशा देने वाला प्रयास बताया।
कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने संत और ब्रह्माकुमारीज के इस मिलन को प्रेरणादायी बताया। धाम की ओर से पूज्य संत एवं विधायक महोदय का पुष्पमाला और शॉल से स्वागत किया गया।
Read Next









