खंडवा: डायल 112 ने दिखाई संवेदनशीलता, भटकते युवक को 3 थानों की पुलिस ने सुरक्षित मां तक पहुंचाया
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले से पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की एक मिसाल सामने आई है।
थाना धनगांव क्षेत्र के ग्राम जमनिया में रात करीब 11:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति गांव में घूम रहा है। नाम-पता पूछने पर वह कुछ नहीं बता रहा था और ग्रामीणों पर पत्थर उठाकर मारने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर राम मंदिर के पास बैठा रखा था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना धनगांव की डायल 112 में तैनात आरक्षक नारायण कोचले और पायलट रूपेश नीलकंठ तत्काल ग्राम जमनिया पहुंचे।
पुलिसकर्मियों ने युवक के पास बैठकर शांति से बातचीत की और उसका नाम-पता पूछा। युवक ने अपना नाम सावन पिता गजरू, जाति निहाल, निवासी ग्राम भकराडा, थाना जावर बताया।
इसके बाद आरक्षक नारायण कोचले ने अपने संपर्क सूत्रों के माध्यम से ग्राम भकराडा में जानकारी ली। वहां से पुष्टि हुई कि सावन भकराडा का ही रहने वाला है।
पुलिस ने सावन की मां से फोन पर संपर्क किया। मां ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान है और वह अक्सर गांव में घूमकर वापस घर आ जाता है। वह बेटे का ध्यान रखती हैं और उसे कहीं जाने नहीं देतीं। लेकिन घटना वाले दिन वह सुबह से खंडवा गई थीं, इसलिए उन्हें लगा कि सावन गांव में ही घूम रहा होगा और शाम तक घर लौट आएगा।
बेटे के जमनिया पहुंचने की जानकारी मिलते ही उसकी मां भावुक हो गईं और पुलिस से बेटे को सुरक्षित घर पहुंचाने की गुहार लगाई।
इस पर आरक्षक नारायण कोचले ने उन्हें सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि उनका बेटा सुरक्षित उनके घर पहुंचाया जाएगा।
इसके बाद डायल 112 कंट्रोल रूम खंडवा से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी गई। कंट्रोल रूम ने थाना मोघट की FRV को थाना धनगांव और थाना मोघट की सीमा पर स्थित ग्राम गजवाड़ा भेजा।
थाना धनगांव की FRV ने सावन को सुरक्षित थाना मोघट की FRV के सुपुर्द किया। इसके बाद थाना मोघट की FRV ने थाना जावर की FRV से संपर्क किया और सावन को उनके सुपुर्द कर दिया।
थाना जावर की FRV ने सावन को सुरक्षित ग्राम भकराडा में उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना धनगांव, थाना मोघट और थाना जावर की डायल 112 टीम ने आपसी समन्वय से एक पूरी चैन बनाकर काम किया और एक भटके हुए युवक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया।
पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता से सावन सकुशल अपनी मां और परिवार से मिल सका।
थाना धनगांव की डायल 112 टीम के आरक्षक नारायण कोचले और पायलट रूपेश नीलकंठ सहित थाना मोघट और थाना जावर की FRV टीम की इस मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।
Read Next
खंडवा 
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 

