हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

खंडवा। मध्यप्रदेश में देशभक्ति और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगा रैलियां, प्रभात फेरियां, सांस्कृतिक आयोजन और परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी।
अभियान के सफल आयोजन के लिए प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए आदेश जारी किए हैं। जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अभियान का जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं अनुविभाग स्तर पर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहरी क्षेत्रों में संबंधित नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को तिरंगा बाइक, ई-बाइक और साइकिल रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैली, तिरंगा प्रभात फेरी और अन्य देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दी गई है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में तिरंगा प्रेरित कला प्रदर्शनी, प्रकाश व्यवस्था, शासकीय संस्थानों की सजावट, तिरंगा संगीत कार्यक्रम और तिरंगा मेला जैसे आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को अभियान से जोड़ने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को जिले के स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कराने का दायित्व सौंपा गया है। इनमें तिरंगा सजावट, रंगोली, तिरंगा विषय पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा बुनाई, पुलिस कर्मियों को पत्र लेखन, नुक्कड़ नाटक और तिरंगा संगीत कार्यक्रम शामिल हैं।
प्रशासन ने अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और जिलेभर में देशभक्ति का वातावरण बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
Read Next
खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 



