पंधाना: प्रथम वर्ष की परीक्षाओं में देरी से छात्रों में नाराजगी, ABVP ने सौंपा ज्ञापन
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी ने प्रथम वर्ष की लंबित परीक्षाओं का परीक्षा कार्यक्रम जल्द जारी करने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा।
एबीवीपी पंधाना इकाई ने क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के कुलपति के नाम यह ज्ञापन नगर मंत्री ऋतुराज सिंह गौड़ के नेतृत्व में सौंपा।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रथम वर्ष की परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं आगामी शैक्षणिक सत्र, उच्च शिक्षा में प्रवेश और रोजगार से जुड़े अवसरों को लेकर भी विद्यार्थियों में चिंता बनी हुई है।
एबीवीपी का कहना है कि परीक्षा कार्यक्रम घोषित नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी असमंजस और मानसिक तनाव की स्थिति में हैं। विद्यार्थियों को यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि उनकी परीक्षाएं कब आयोजित होंगी और आगे की पढ़ाई की प्रक्रिया किस तरह पूरी होगी।
इसी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रथम वर्ष की लंबित परीक्षाओं का परीक्षा कार्यक्रम जल्द से जल्द जारी किया जाए और परीक्षाएं भी शीघ्र प्रारंभ कराई जाएं।
परिषद ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी हित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। एबीवीपी ने कहा कि ऐसी स्थिति में होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री ऋतुराज सिंह गौड़, सह मंत्री पियूष कटारिया, पलक सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read Next



खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 
