बालाघाट में दर्दनाक सड़क हादसा: जन्मदिन समारोह से लौट रहे युवक की मौत, पत्नी और दो बच्चे गंभीर घायल

मध्यप्रदेश : बालाघाट जिले के वारासिवनी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब पूरा परिवार एक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवधाम निवासी श्रवण पटले (35 वर्ष) मंगलवार रात करीब 8 से 8:30 बजे अपनी पत्नी ललिता ठाकरे (30 वर्ष), बेटी आरजू (13 वर्ष) और बेटे मयूर (10 वर्ष) के साथ अपने साढ़ू भाई महेश हरिनखेड़े के बेटे के जन्मदिन समारोह से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान वारासिवनी क्षेत्र के आलेझरी और पुसुटोला के बीच उनकी बाइक को तेज रफ्तार बुलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक MP-50-G-2239) ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आंवलाझरी सरपंच जीतू राजपूत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान श्रवण पटले ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों का उपचार एक निजी अस्पताल में जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, ललिता ठाकरे के जबड़े में गंभीर चोट आई है। वहीं बेटी आरजू के बाएं कंधे तथा बेटे मयूर के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। तीनों की हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बुधवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्रकरण की डायरी संबंधित थाना क्षेत्र को अग्रिम जांच के लिए भेज दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Read Next
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश
खंडवा
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश