खंडवा विधायक कंचन तनवे ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, खंडवा-मूंदी मार्ग और पुलिस बटालियन की स्थापना की मांग को लेकर एक और पत्र सोपा..

खंडवा, 01 जून 2026। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने सोमवार को भोपाल में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने खंडवा-मूंदी मार्ग की स्वीकृति तथा खंडवा में पुलिस बटालियन की स्थापना को लेकर मांग पत्र सौंपा।
जानकारी के अनुसार विधायक कंचन तनवे ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि खंडवा-मूंदी मार्ग क्षेत्र की लंबे समय से लंबित और महत्वपूर्ण मांग है। उन्होंने सड़क निर्माण की शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय जनता को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इसके साथ ही विधायक ने खंडवा जिले में पुलिस बटालियन की स्थापना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए बटालियन की आवश्यकता है। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा लगभग 105 एकड़ भूमि मध्य प्रदेश पुलिस को उपलब्ध कराई जा चुकी है।
भोपाल प्रवास के दौरान विधायक कंचन तनवे ने नर्मदा नगर स्थित मां नर्मदा मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना भी की।
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के दौरान मांधाता विधायक नारायण पटेल भी उपस्थित रहे। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने दोनों मांगों पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विधायक कंचन तनवे ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर पर मजबूती से उठाती रहेंगी।
Read Next









