खंडवा : खालवा देवली कला बस स्टैंड पर भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक — लाखों का नुकसान

खालवा से अजय प्रिंस मेहता की रिपोर्ट..
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवली कला बस स्टैंड पर मंगलवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग एक होटल में लगी, जो देखते ही देखते बगल की दो अन्य दुकानों तक फैल गई। इस हादसे में तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग अचानक होटल से भड़की और तेज़ी से आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले में शिकायत मिलने के बाद जांच की जाएगी, जिसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन कारणों से लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, गर्मी के मौसम में जिले में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
👉 वीडियो खबर भी देखें:
Read Next


खंडवा 




