खंडवा के पहलवानों पर बड़नगर में जानलेवा हमला, जीत से बौखलाए विरोधियों ने किया हमला
दंगल जीतकर लौट रहे पहलवानों पर सरिया और चाकू से हमला, एक गंभीर घायल
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पहलवानों के साथ बड़नगर में आयोजित कुश्ती दंगल के बाद गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है, जिसने खेल भावना को शर्मसार कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खंडवा के पूर्व पहलवान एवं कुश्ती को बढ़ावा देने वाले अल्ताफ पहलवान अपने शिष्य राजेश प्रजापत उर्फ राजेश काला के साथ बड़नगर में आयोजित दंगल में भाग लेने पहुंचे थे। मुकाबले में राजेश काला ने ललित कौशल को हराकर जीत हासिल की थी।
बताया जा रहा है कि इस हार से नाराज होकर विरोधी पक्ष के अनुराग, ललित, श्रवण और रोहित प्रजापत ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने राजेश काला को घेरकर उसके सिर पर सरिया से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अल्ताफ पहलवान पर भी चाकू से हमला किया गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना ने खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
(वीडियो में पूरी खबर देख सकते हैं)
Read Next









