कांग्रेस की विजय संकल्प यात्रा नारायणगढ़ से शुरू हो गई है। अगला पड़ाव थानेसर होगा। पूर्व सीएम हुड्डा, उदयभान और कुमारी सैलजा भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ है। दोनों नेता आज तीन जिलों की छह विधानसभा सीटों के लिए प्रचार कर रहे हैं।
कृषि कानूनों पर किया सवाल
कृषि कानूनों पर राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार नया कानून बनाती है और कहती है- किसानों के लिए कानून बनाए गए हैं। अगर ऐसा है तो सारे किसान इसके खिलाफ सड़क पर क्यों आए? क्योंकि किसान जानते हैं-अब हमारी जेब से एक और तरीके से पैसा छीना जाएगा।
बेरोजगारी का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने अपने भाषण में बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा अमेरिका क्यों जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि यहां से युवा 50-50 लाख रुपये देकर जान जोखिम में डालकर विदेश जा रहे हैं।
परिवार पहचान पत्र परिवार परेशान पत्र बना
प्रियंका गांधी ने कहा कि परिवार पहचान पत्र परिवार परेशान पत्र बन गया है। भाजपा सरकार केवल बड़ी बड़ी बातें करती हैं। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा वही बातें दोहराते रहते हैं। वे कुछ नया नहीं बोलते।
अपने गढ़ में देंगे मजबूती
कांग्रेस ने रणनीति के तहत रैलियों की बजाय रथ यात्रा का प्लान किया है, ताकि अधिक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचा जा सके। रथ यात्रा के रूट प्लान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस अपने दुर्ग को और मजबूत करने के साथ भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी है। 2019 के चुनाव में नारायणगढ़, साढौरा, लाडवा और मुलाना में कांग्रेस को जीत मिली थी और पहले से भी यहां पार्टी मजबूत रही है।